भाजपा सांसद अंशुल वर्मा ने किसी का नाम लिये बगैर
कहा कि राजनीतिक कारणों के चलते विकास कार्यों में अड़ंगा डाला जा रहा, पर
वह भी कानून की जानकारी रखते हैं, इसलिए अड़ंगों को दूर कराने के लिए कोर्ट
की शरण लेंगे। वह निरीक्षण भवन में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
संासद
वर्मा ने कहा कि लखनऊ-हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग को नेशनल हाईवे कराने और
अर्जुनपुर पुल निर्माण के लिए वह कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। बताया कि शहर
के दस पार्काें का सौंदर्यीकरण सांसद निधि से होना था, पर सात पार्कों के
लिए अड़ंगा लगा दिया गया। अब तीन पार्कों को विकसित कर शहर में विकास के
दीपक को जलाकर रोशनी दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुबारकपुर में 6 करोड़
रुपये से हो रहे तालाब सौंदर्यीकरण में घपलों घोटालों सहित अन्य मामलों की
उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे और जरूरी हुआ तो वह सीबीआई जांच की मांग
करेंगे। सांसद ने कहा कि कांशीराम कालोनी में भी विकास कार्य नहीं करने दिए
जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रेय लेने से ज्यादा जरूरी है कि विकास
कार्य हो, इसलिए विकास के लिए हर स्तर पर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा
कि जो लोग भगोड़ा कहकर उन पर आरोप लगाते हैं, उनके बारे में फैसला जनता
करेगी। भाजपा सांसद ने अपनी बातों के समर्थन में विभिन्न पत्रों की छाया
प्रतियों के रूप में पत्रकारों के समक्ष रखा।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष
राजीव रंजन मिश्रा, पूर्व विधायक गंगा सिंह चौहान, राम बहादुर सिंह, अजीत
सिंह बब्बन, विनोद राठौर, सुरजीत वर्मा, माधवेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश
पाठक, सुभाष पांडेय, अनुज गुप्ता, आजाद भदौरिया, रामू सिंह और सत्यम आदि
मौजूद थे।