हरदोई। पंचायत चुनाव में रविवार को मतगणना होगी। जिसमें मतगणना पार्टियों के कार्मिक शिफ्ट वार गणना करेंगे। पूरे नतीजे आने में सोमवार शाम तक का समय लग सकता है। रसखान प्रेक्षागृह में चल रहे पंचायत चुनाव के प्रशिक्षण के आखिरी दिन शनिवार को मास्टर ट्रेनर पंकज कुमार ने उक्त बात कही।
उन्होंने कहा कि दो शिफ्टों में मतगणना होगी। सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक और उसके बाद शाम आठ बजे से सुबह आठ बजे तक। दूसरी शिफ्ट के कर्मी आने के बाद ही पहली शिफ्ट के कर्मी को जाने दिया जाएगा।
भोजन व पानी की व्यवस्था मतगणना हाल में ही होगी। मतगणना का कार्य सोमवार शाम तक चल सकता है। कोरोना को देखते हुए सर्दी, खांसी, बुखार वालों की गेट पर ही जांच होगी।
उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना को निष्पक्ष तरह से व निर्धारित समय में करना है। उन्होंने मतगणना कार्मिकों की जिज्ञासाओं को भी शांत किया व उन्हें मतगणना के तरीके बताए।
आखिरी दिन भी दिखी हेल्थ डेस्क
रसखान प्रेक्षागृह में मतगणना कार्मिकों की थर्मल स्क्रीनिंग जारी रही। हेल्थ डेस्क अपने दायित्वों को निभाती दिखी। स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग की जाती रही।