हरदोई। पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी वृद्ध के तुर्की से लौटने के बाद कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि होने पर पिहानी कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बा निवासी उसकी बहू और बहू के भाई को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। हालांकि दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं। उनके नोजल और थ्रोट स्वैब का नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज भेजा गया है।
पिहानी कस्बे के एक मुहल्ला निवासी किसान नेता की बहन की ससुराल लखीमपुर खीरी के मैगलगंज में है। किसान नेता की बहन के ससुर को कोरोना पाजिटिव पाया गया है।
किसान नेता की बहन होली में मायके आई थी और तबसे यही है। महिला का पति भी पिहानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित ननिहाल में रहता है। महिला का पति और उसका ममेरा भाई मैगलगंज निवासी वृद्ध के बीमार होने पर उपचार के दौरान उसके साथ रहे थे। गुरुवार को वृद्ध के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद शुक्रवार को वृद्ध की बहू और उसके भाई को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। सीएमओ डा. एसके रावत ने बताया कि प्राथमिक तौर पर दोनों स्वस्थ हैं। कोरोना की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
वाशिंगटन और धनगढ़ी से लौटे परिवारों की हुई स्क्रीनिंग
हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दंपति छह बच्चों के साथ नेपाल के धनगढ़ी में काम करते थे। तीन दिन पहले पूरा परिवार गांव वापस लौट आया। इसकी सूचना हरियावां के थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता को हुई तो उन्होंने पूरे परिवार को ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरियावां बुलवा लिया। यहां चिकित्सकों की टीम ने पूरे परिवार की प्राथमिक जांच की।
फिलहाल सभी आठ लोग स्वस्थ पाए गए हैं। खांसी, जुकाम, बुखार आने पर सूचना देने को कहा गया है। इससे इतर शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दंपति भी कुछ दिन पहले वाशिंगटन से लौटे हैं। गुरुवार देर रात दंपति का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वस्थ मिलने पर भी दोनों को खुद को आइसोलेट रखने की सलाह चिकित्सकों ने दी है।