फोटो-1-मंगलीपुरवा में संक्रमित के घर के बाहर की गई बैरीकेडिंग। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 48 और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 3803 हो गई है। एक्टिव केस 751 हैं। वहीं कोरोना से अब तक 58 मौतें हुई हैं। जिले में 2990 लोग संक्रमित पाए जाने के बाद स्वस्थ भी हो चुके हैं। वहीं शाहाबाद कस्बे कोटेदार को तीन दिन पहले लखनऊ में भर्ती कराया था। संक्रमण से उनकी गुरुवार को मौत हो गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जारी सूची के मुताबिक शहर के सिविल लाइन्स निवासी युवक (29), रेलवेगंज निवासी बुजुर्ग (67), कौशलपुरी निवासी बुजुर्ग (62) संक्रमित हुए हैं। शक्तिनगर निवासी युवक (18), सांडी कस्बा निवासी युवक (23) में भी संक्रमण की पुष्टि हुई। संडीला उपजिलाधिकारी कार्यालय में तैनात अधेड़ (55) भी संक्रमित पाया गया है। कोथावां विकास खंड के सिकंदरपुर निवासी एक किशोर और एक बालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरावन में तैनात एक एएनएम तथा कोथावां विकास खंड में तैनात एक महिला स्वास्थ कर्मी भी कोरोना संक्रमित मिली है।
कछौना विकास खंड के गौसगंज निवासी एक ही परिवार के तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर के मोहल्ला आलू थोक निवासी एक ही परिवार के चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। पिहानी के मोहल्ला मिश्राना निवासी अधेड़ (55) को कोरोना संक्रमित पाया गया है। कछौना के हथौड़ा युवक (38) और कामीपुर निवासी युवक (22) को भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला मौलागंज निवासी कोटेदार (62) की लखनऊ में उपचार के दौरान कोरोना से मौत हो गई। तीन दिन पहले उन्हें तेज बुखार और सांस फूलने की शिकायत पर शाहजहांपुर के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने लखनऊ ले जाने को कहा गया था। इस पर परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी, दो बहू और एक पोती भी संक्रमित हैं। खास बात यह है कि सीएमओ कार्यालय से संक्रमितों की सूची में मृतक के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी गुरुवार को दी गई है।