बिलग्राम। बीती नौ अप्रैल को कस्बे में एक मौलाना के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से अनिश्चितकाल के लिए बंद किए गए बिलग्राम कस्बे में गुरुवार को कुछ राहत दी गई। मेडिकल स्टोर, राशन की दुकानें और बैंकों के खुलने के बारे में प्रशासन ने लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार कराया। वहीं बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलने की हिदायत दी।
बिलग्राम कस्बे के एक मदरसे के मौलाना की बीती नौ अप्रैल को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए खैराबाद भेज दिया गया था और कस्बे को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। तीन दिन तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे कस्बे में लोगों की स्क्रीनिंग की थी। इसके बावजूद कस्बे को खोला नहीं गया था।
गुरुवार को राशन की दुकानें सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक, मेडिकल स्टोर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और बैंक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक खोलने की अनुमति स्थानीय प्रशासन ने दी। इसकी जानकारी मिलने पर राशन की दुकानों पर खासी भीड़ रही। हालांकि इस दौरान सोशल डिस्टेंस बनाए रखने का भरपूर प्रयास किया गया। बैंकों के बाहर भी लोग सोशल डिस्टेंस बनाकर लाइन में खड़े नजर आए।