हरदोई में कोरोना संक्रमण कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को कोरोना के 34 और मामले सामने आए हैं। इनमें लोनार कोतवाल समेत 13 पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। इसके साथ कुल संक्रमित 1551 हो गए हैं, जबकि 1063 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 472 हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिला चिकित्सालय में भर्ती पिहानी के नागर निवासी अधेड़ (52) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिलग्राम के रफैयतगंज निवासी तीन लोग (45), (26) और (60) पॉजिटिव मिले हैं। शहर के सराय थोक निवासी युवक (45) भी पॉजिटिव मिला है। प्रेम नगर निवासी युवक (20) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। बिलग्राम के मलकंठ निवासी महिलाओं (55) और (36) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
हरदोई के सैयापुरवा निवासी एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। कांशीराम कालोनी निवासी युवती (20), मोहलिया शिवपार निवासी महिला (40), बोर्डिंग हाउस निवासी बुजुर्ग (68), कोतवाली रोड निवासी बुजुर्ग महिला (73) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मल्लावां में एक ही परिवार के पांच लोग संक्रमित हैं। माधौगंज के किदवई नगर निवासी दो लोग संक्रमित मिले हैं। शहर के राधा नगर निवासी दो लोग भी पॉजिटिव हैं।
न्यू सिविल लाइन्स में युवक (20) और रोडवेज कर्मी (40) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बावन प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन के अधीक्षक डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी के नेतृत्व में लोनार कोतवाली में कोतवाल सहित 58 पुलिस कर्मियों का कोरोना टेस्ट एंटीजन किट से किया गया। सीएचसी अधीक्षक के मुताबिक लोनार कोतवाल समेत 13 पुलिस कर्मी संक्रमित मिले हैं।
संक्रमित मिले कर्मचारियों में से अधिकांश मंगलवार को बावन कस्बे में हुई घटना में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और सीओ हरपालपुर के साथ मौजूद थे। संडीला प्रतिनिधि के अनुसार संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक (35) संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा गढ़ी निवासी चार लोग संक्रमित मिले हैं।