आगामी 12 मई मोदी सरकार के किसान मजदूर विरोधी भूमि
अधिग्रहण बिल 2015 की प्रतियों की होली और प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन
कर कांग्रेसी अपना विरोध जताएंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों
व कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को राजीव भवन में हुई बैठक में यह बात बैठक को
संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता डा. राजीव सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि
वर्तमान मोदी सरकार पूंजीपतियों की हिमायती है और जबरदस्ती किसान मजदूरों
की भूमि अधिकृत करना चाह रही है। आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी
अब परिधान और पर्यटन प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश के किसानों व मजदूरों की
इन्हें कोई चिंता नहीं है।
वह देश के किसानों की चिंता न करके विदेशी
पूंजीपतियों की खुशामद में लगे हुए हैं, जबकि देश का किसान आत्महत्या करने
को विवश है। उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि चुनाव में किए गए किसी भी
वादे को मोदी सरकार द्वारा अब तक पूरा न किया गया।
कहा कि देश का किसान
त्राहि-त्राहि कर रहा है देश की जनता बदहाल है। महंगाई की दोहरी मार और
प्राकृतिक आपदा से इसके और बढ़ने की आशंका है, जिससे जनता के बुरे दिन आने
की मोदी सरकार गारंटी देने लगी है। बैठक में तीन से 10 मई तक ब्लाकों में
विरोध प्रदर्शन करने की तिथियां तय की गईी।
12 मई को समस्त ब्लाक
मुख्यालयों पर भूमि अधिग्रहण अध्यादेश की प्रतियों का होलिका दहन हर ब्लाक
मुख्यालय पर दोपहर एक बजे करने का निर्णय लिया गया। बताया गया कि
टड़ियावां, पिहानी, हरियावां में तीन मई, टोडरपुर, शाहाबाद व भरखनी में
चार, सांडी व हरपालपुर में पांच, बिलग्राम, सुरसा, माधौगंज में छह,
अहिरोरी, कोथावां में सात, संडीला, बेहंदर, भरावन में आठ, बावन, बालामऊ में
नौ मई को प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर सत्यबोध प्रकाश, रिजवान
अहमद, अजीत सिंह चंदेल, अकील खां, रूपलाल वर्मा, अजय शुक्ला, अजहर अली,
दिनेश राठौर, श्याम प्रकाश शुक्ला, सत्यबोध प्रकाश और सुदामा प्रसाद आदि
मौजूद थे।