पिता के हत्यारों को गिरफ्तार कराए जाने की मांग को
लेकर कोतवाली पिहानी के मोहल्ला अंबेडकर नगर के ग्रामीणों का शुक्रवार से
शुरू हुआ धरना और प्रदर्शन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान
लोगों ने नारेबाजी भी की।
कलक्ट्रेट परिसर में धरने के दौरान अंबेडकर
नगर निवासी सुनीता ने बताया कि उसका दामाद मनोज साढ़े चार लाख का एक प्लाट
खरीदना चाहता था, जो दुल्लापुर निवासी एक व्यक्ति दिलवा रहा था। पीड़िता ने
आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति ने रुपये ले भी लिए और प्लाट भी नहीं दिलवाया,
जिसका विरोध उसके पति महेश ने किया।
इस दौरान महिला ने आरोप लगाया कि 30
अगस्त की रात को बहाने से पिहानी शाहाबाद मार्ग स्थित गदनापुर मोड़ पर उसके
पति को बुलाकर इन लोगों ने सरियों से पीटा। जब सूचना पाकर वह व अन्य
लोग वहां पहुंचे तो यह लोग चार पहिया वाहन से भाग निकले।
गंभीर हालत में
पहले उन्हें पिहानी सीएचसी में भर्ती कराया गया। लखनऊ रेफर किया गया जहां
ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। महिला ने दो अन्य लोगों के खिलाफ भी
प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर काफी संख्या में परिजन
व लोग मौजूद थे।