पिहानी। अघोषित बिजली कटौती समेत कई समस्याओं से परेशान विद्युत उपभोक्ताओं ने रविवार को राभा उपकेंद्र का घेराव किया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एसएसओ को ज्ञापन दिया और 48 घंटे में समस्याओं का निस्तारण न होने पर उपकेंद्र परिसर में ही धरना देकर प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी।
उपभोक्ताओं ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि गांव में अगर कोई ट्रांसफार्मर फूंक जाता है तो उसे बदलने में एक सप्ताह से लेकर 15 दिन तक का समय लग जाता है। इस दौरान पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है और कृषि कार्य भी प्रभावित होते हैं। इसके अलावा क्षेत्र में बिना किसी वास्तविक मीटर रीडिंग के मनमाने और अत्यधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं जिससे गरीब व मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है जब भी क्षेत्रीय लाइनमैन को फोन किया जाता है तो वह फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझते।
उपभोक्ताओं ने मांग की कि विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार किया जाए, केवल मीटर रीडिंग के आधार पर ही सही बिल जारी हों और फूंके हुए ट्रांसफार्मर तय समय-सीमा के भीतर बदले जाएं। इस दौरान आनंद राठौर, राजकुमार, अवनेंद्र सिंह, सुमित सिंह, अनुज पाल, सतीश मौर्या व पुनीत पाल ने कहा कि यदि अगले 48 घंटों में समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो वह उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।