सिपाहियों पर किया हमला, लाठी डंडे से पीटा
- यूपी 112 की पीआरवी 2755 के साथ हुई घटना
- शराब के नशे में धुत थे दोनों आरोपी, तमंचे समेत गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
हरपालपुर (हरदोई)। आपस में विवाद कर रहे दो युवकों को पुलिस ने रोका, तो उन्होंने पीआरवी सिपाहियों पर हमला कर दिया। उन्हें लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मामले मे पुलिस ने हेड सिपाही की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करके तमंचे समेत गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया।
हरपालपुर कोतवाली में यूपी 112 की पीआरवी संख्या 2755 पर हेड सिपाही दीप सिंह निवासी शाहजहांपुर थाना जसवंतनगर जनपद इटावा तैनात हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम सूचना मिली कि चाऊपुर में मारपीट हो गई है। इस पर वह टीम के साथ गांव पहुंचे। जहां से देर रात लौटते समय गांव के पास बाहर अरविंद सिंह तोमर और वीरू सिंह शराब के नशे में हंगामा करते दिखे। उन्हें रोका, तो वह उग्र हो गए और गाली गलौज करते हुए हमला कर दिया। दोनों ने हेड सिपाही दीप सिंह व सिपाही नौशाद अली को गालियां देते हुए लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पूरे मामले की सूचना पाकर मौके पर अन्य पुलिस बल पहुंच गया। इसके बाद यह दोनों घटनास्थल से फरार हो गए। हेड सिपाही की तहरीर पर हरपालपुर में दोनों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बाद में दोनों आरोपियों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।