हरदोई में शहर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस कार्यालय में तैनात एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़ित युवती ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती का आरोप है कि पुलिस कार्यालय में तैनात एक सिपाही से छह माह पूर्व फेसबुक पर बात हुई थी। जिसके बाद उससे सामान्य तरीके से बात होती रही। आरोप है कि इसी बीच सिपाही ने उसे शादी का झांसा दिया और अपने कमरे पर बुलाया। युवती का कहना है कि शादी के नाम पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप लगाया कि तबसे वह लगातार शारीरिक शोषण करता रहा है। लेकिन अब शादी से मुकर रहा है। पीड़िता ने पूरे मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एएसपी पूर्वी नृपेंद्र सिंह ने बताया इस तरह का मामला उनके संज्ञान में नही है। जानकारी में आता है तो फिर कार्रवाई की जाएगी।