हरदोई। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष डेंगू की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने शनिवार को जिला अस्पताल की पैथालॉजी में जांच कराई थी। कार्ड में उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में डेंगू की पुष्टि होने वाले रोगियों की संख्या 14 हो गई है।
शहर के मोहल्ला कैनाल रोड निवासी कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सुखसागर मिश्र को शनिवार सुबह तेज बुखार आया। उनकी पत्नी डा. चित्रा मिश्र उन्हें जिला अस्पताल की पैथालाजी जांच के लिए ले आईं। कार्ड में जांच रिपोर्ट एनएच वन पाजीटिव रही। जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने डाक्टरों से सलाह ली तथा घर चले गए। रविवार को वह लखनऊ के अस्पताल में इलाज के लिए जाएंगे। जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 14 हो गई है।
बताते चलें कि जिला अस्पताल में अभी तक डेंगू की 11 जांच हुई हैं। जिसमें दो लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव मिली है। इससेे पहले बीएसए डा. मसीहुज्जमा के पुत्र अहमद फरज की यहां पर जांच की गई थी। उनकी भी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के डेंगू की चपेट में आने की जानकारी पर एमएलसी डा. अशोक बाजपेई ने उनके आवास पर पहुंचकर हाल लिया।
अब तक इन लोगों में हुई डेंगू की पुष्टि
1. भरावन के बनी गांव निवासी छात्र देवांश सिंह पुत्र श्रवण सिंह को डेंगू हो गया था। जिसका इलाज पिछले दो सप्ताह से लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
2. मल्लावां ब्लाक के अटवारा चकोला के मजरा नेवादा गांव निवासी संध्या देवी (40) पत्नी दरोगा और पुत्र गौरव (17) पुत्र बबलू सिंह डेंगू से पीड़ित हैं इनका लखनऊ में इलाज हो रहा है।
3. शहर के मोहल्ला नवीपुरवा निवासी अधिवक्ता उमेश चंद्र त्रिवेदी ने लखनऊ में जांच कराई थी। जहां पर डेंगू की पुष्टि हुई थी।
4. बीएसए डा. मसीहुज्जुमा के पुत्र अहमद फरज की जिला अस्पताल में जांच कराई गई थी। जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई थी।
5. कोथावां ब्लाक के झरोइया निवासी सात लोगों को लखनऊ में भर्ती कराया गया है। भर्ती कराए गए लोगों में सतीश त्रिपाठी (40), नीरज शुक्ला (28), मनोज (35)। इसी तरह ब्लाक के पट्टी गांव निवासी विवेक कुमार (24), सोनू (30), पंकज (28) और विनीत (20) भी शामिल हैं।