हरदोई में घर में नहाने के बाद सर्दी में गर्भवती महिला की अचानक तबियत बिगड़ गई। मेडिकल कालेज से संबद्घ जिला महिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पर उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। लोनार थाना के दुलारपुर निवासी कमलेश की पत्नी आरती (35) आठ माह की गर्भवती थी। पति के मुताबिक, गुरुवार शाम तीन बजे नहाने के कुछ देर बाद उसकी तबियत बिगड़ गई।
वह पत्नी को बावन सीएचसी लेकर गए, वहां के डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, कुछ देर बाद आरती ने दम तोड़ दिया। बताया गया है कि आरती की शादी 2014 में हुई थी। उसका मायका फर्रुखाबाद के पिथनापुर कौटियापुर थाना अमृतपुर में बताया गया है। आरती दो बेटी व एक पुत्र है। आरती के भाई अशोक ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि अभी तक किसी ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।