हरदोई में ब्लाक हरपालपुर की बीआरसी में शिक्षक और बीईओ के बीच विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। मामले में शिक्षक ने बीईओ के खिलाफ मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए ब्लाक हरपालपुर के प्राथमिक विद्यालय घटवासा के प्रधानाध्यापक नीरज दुबे ने आरोप लगाते हुए बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत खंड शिक्षा अधिकारी के द्वारा विभाग में किए गए भ्रष्टाचार व लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं की गई है। उन्होंने बताया कि 18 जून को ब्लाक हरपालपुर में बुलाई बैठक में शिक्षकों के साथ की गई अभद्रता भी की गई, जिसकी शिकायत बीएसए से की गई, लेकिन बीईओ के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आलम यह हुआ कि उनके कनिष्ठ अधिकारी को प्रकरण की जांच दे दी गई। जिसके बाद अब वह जांच से असंतुष्ट हैं व मुख्यमंत्री को प्रकरण भेज जांच कराकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शिकायत करने के बाद से ही बीईओ द्वारा उन पर शिकायत वापस लेने का दबाब बनाया जा रहा है प्रधानाध्यापक ने सभी मामलों की गोपनीय जांच कराकर दोषी अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने की मांग मुख्यमंत्री से भी की है। बीएसए हेमंत राव ने बताया कि विभाग इस ओर अपनी कार्रवाई कर रहा है। जो दोषी है उस पर कार्रवाई अवश्य होगी।