हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड पर कार ने सोमवार देर रात स्कूटी सवार आढ़ती को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल आढ़ती को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला।
देहात कोतवाली क्षेत्र के प्रगतिनगर निवासी सतीश कुमार अवस्थी (59) आढ़ती थे। बेटे सत्यम ने बताया कि सोमवार रात लगभग 11 बजे सतीश गल्ला मंडी स्थित आढ़त से वापस घर जा रहे थे। इस दौरान पुलिस लाइन के पास जेल रोड पर एक होटल के पास सामने से आ रही कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल सतीश को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस मेडिकल कॉलेज आ गए।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शव मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिवार में पत्नी सुनीता और दो पुत्र हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि कार पुलिस के कब्जे में है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।