हरदोई। सूबे की सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए होमगार्डों ने सोमवार से कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। उप्र होमगार्ड्स अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि सात अगस्त तक कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन होगा। इसके बाद आठ अगस्त से लखनऊ में धरना प्रदर्शन होगा। कोर्ट के निर्णय के बाद भी सरकार मांगों को नहीं मान रही है।
सोमवार से कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह ने 1993 में चुनावी घोषणा पत्र में होमगार्डों को नियमित करने का वायदा किया था। लेकिन अभी तक वायदा नहीं पूरा हुआ है। नियमतीकरण की मांग को लेकर एसोसिएशन ने कोर्ट में गुहार लगाई थी। जिस पर कोर्ट ने सरकार से होमगार्डों को नियमित किए जाने का आदेश दिया था। सरकार की तरफ से हीलाहवाली की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सात अगस्त तक धरना-प्रदर्शन होगा। इसके बाद भी यदि मांगों को नहीं पूरा किया गया तो आठ अगस्त को लखनऊ में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान होमगार्ड कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। उन्होेंने बताया कि मंगलवार को शहर में होमगार्ड जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इस अवसर पर मदन गोपाल शुक्ला, अरविंद सिंह, राममुरारी पांडेय, शांति देवी आदि शामिल रहीं।