हरदोई। कई दिनों से पड़ रही सर्दी के बीच मंगलवार को इसका असर बढ़ा रहा। दोपहर में धूप जरूर निकली, लेकिन इसका असर नहीं दिखा। दिन में सर्द हवाओं के कारण गलन बढ़ी रही। शाम होते ही एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ। ऐसे में सर्दी से बचने के लिए लोग आग और हीटर के सामने बैठे नजर आए और गर्म कपड़ों से खुद को ढके रखा।
पछुआ हवाओं के असर से जिले में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बीते दो दिन ही हुए हैं कि सूर्य देव के दर्शन हाेना शुरू हुए हैं। दोपहर होने तक धूप तो निकल रही है, लेकिन उसमें कोई दम नहीं दिख रही है। मंगलवार को भी सुबह बादल छाए हुए थे, लेकिन 12 बजे तक धूप निकल आई। हल्की धूप का कुछ खास असर नहीं हुआ। दिन भर चार किमी रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं। करीब दो घंटे बाद फिर से सूरज बादलों की ओट में छिप गए। बादल छाते ही गलन फिर से बढ़ने लगी।
शाम होते ही गलन और धुंध का असर दिखने लगा। इससे बचने के लिए लोग अलाव और हीटर के सामने बैठ कर खुद को गर्माहट देते नजर आए। मौसम वेधाशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर और न्यूनतम डेढ़ डिग्री कम होकर 07.0 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। आर्द्रता सुबह 88 प्रतिशत और शाम को 78 प्रतिशत रही।