हरदोई। जिले के 25 होनहार युवाओं को नए साल में मुख्यमंत्री लखनऊ में 23वें राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में सम्मानित करेंगे। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद इनकी सूची भी तैयार कर ली गई है। आयोजन 12 से 16 जनवरी के मध्य होगा।
युवा कल्याण विभाग द्वारा 25 प्रतिभावान लोगों की सूची तैयारी की गई है। सूची में संकल्प 1000 पौधरोपण अभियान के लिए उदित सिंह, नेकी की दीवार स्थापना को उदित मोहन पाठक, रोटी बैंक के लिए अरुणेश पाठक, सुनीलम फाउंडेशन के सामाजिक कार्य के लिए दीपक अवस्थी, भारतीय रोटी बैंक के लिए आशीष अवस्थी शामिल हैं।
प्रगतिशील कृषक के लिए श्यामजी मिश्रा, ओडीएफ के सघन प्रचार के लिए उग्रसेन, नामचीन सारंगी वादक ध्रुव तिवारी, वायलिन वादक सगुन शुक्ला, शास्त्रीय गायिका आस्था त्रिवेदी, कथक डांसर गौरी मेहरोत्रा, कला क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए गौरी पांड्या का नाम भी शामिल है। विवेकानंद यूथ अवार्ड विजेता सौरभ गुप्ता, मार्शल आर्ट के जानकार मनिक बंसल, राज्य स्तरीय एथलीट विशाल सिंह, धनुर्धर धनंजय कुमार सिंह, आपदा प्रबंधन के सक्रिय कार्यकर्ता सूरज प्रताप भी सीएम से सम्मानित होने वालों की सूची में हैं। इसके साथ जनसेवा के लिए संदीप वर्मा, सुल्तान, रामजी मिश्रा, रिजवान, अंकित कुमार, अरविंद कुमार व दिनेश कुमार शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सूची फाइनल कर युवा कल्याण विभाग के महानिदेशक को भी भेज दी है।
बिलग्राम के ग्राम हसनापुर निवासी किसान सुशील कुमार के बेटे विशाल सिंह एक हाथ से नि:शक्त हैं। विशाल के हुनर ने उसे कभी नहीं टूटने दिया। जीव विज्ञान से स्नातक विशाल ने वर्ष 2014 में क्रास बो की बदौलत राष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण पदक जीते तो पैरा एथलीट में प्रवेश कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपने जिले को गौरव प्रदान किया। वर्ष 2014 से लेकर अब तक राज्य से राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने कई पुरस्कार हासिल किए हैं।
इसी वर्ष लखनऊ में प्रदेश के चुनिंदा 41 गायकों के मध्य हरदोई की आस्था त्रिवेदी ने प्रथम स्थान पाकर न केवल परिवार का बल्कि जनपद का नाम भी चमकाया है। स्थानीय आरआर इंटर कॉलेज के स्पोर्ट्स टीचर श्याम नारायण त्रिवेदी व बेसिक टीचर अंजू त्रिवेदी की 15 वर्षीय पुत्री आस्था त्रिवेदी सेंट जेम्स स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा हैं। अभी हाल ही में उनका चयन दूरदर्शन के रियल्टी सिंगिंग शो सिंगिंग स्टार ऑफ यूपी के लिए भी हो चुका है। इन्होंने भी अपने जिले के लिए कई राज्य स्तर पर अवार्ड जीते हैं व जिले का नाम रोशन किया है।
एक बीघा में 100 क्विंटल मूली उत्पादन करने वाले पंजाब के किसान का रिकार्ड जिले के मलिहामऊ निवासी श्याम जी मिश्रा ने तोड़ा है। उन्होंने प्रति बीघा 180 क्विंटल मूली उत्पादन की है। उन्होंने 20 बीघा मूली की उपज की है। इसके अलावा 50 बीघा में केला उत्पादन भी किया है।