फोटो-4-मांगों को लेकर साइकिल से मुख्यमंत्री आवास के लिए निकले मेवाराम जनता। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। प्रत्येक जिले में सतर्कता विभाग की शाखाएं खोले जाने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुके माधौगंज निवासी मेवाराम जनता सोमवार को लखनऊ मुख्यमंत्री आवास जाने के लिए साइकिल से निकल पड़े। लेकिन कलक्ट्रेट पहुंचने पर प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। उन्हें सात दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
माधौगंज निवासी मेवाराम जनता भ्रष्टाचारियों द्वारा लूटी गई संपत्ति जब्त कराने, विधवा पेंशन 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रति माह करने, माधौगंज मंडी में कर चोरी रोकने समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर ज्ञापन दे चुके हैं। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को उन्होंने साइकिल से सीएम से मिलने जाने की सोची और लखनऊ के लिए निकल पड़े। लेकिन कलक्ट्रेट पहुंचने पर उन्हें रोक लिया गया। एडीएम संजय कुमार सिंह ने उनकी मांगों को सात दिन में पूरा करने की बात कही है।