फोटो-02- सर्दी में स्कूटी से जातीं छात्राएं। संवाद
हरदोई। कड़ाके की सर्दी का दौर लगातार जारी है। शनिवार को सूर्य देव के दर्शन भले ही हुए, लेकिन बादलों के जोर के आगे धूप अधिक समय तक नहीं रही। हालांकि, कोहरे से निजात रही, लेकिन हल्की धूप के साथ दिन भर लुकाछिपी के चलते ठिठुरन बनी रही। सर्द हवाओं ने भी तेजी पकड़ ली इससे लोगों को सर्दी का अहसास हुआ।
पिछले कई दिन से कोहरा परेशान कर रहा था। धूप भी निकल रही थी तो बहुत कम वक्त के लिए ही। शुक्रवार को भी पूरे दिन धूप नहीं निकली। हालांकि, शनिवार को कोहरा बहुत कम था, लेकिन सुबह से बादल छाए रहे। दिन चढ़ने पर सूरज से निकलने का प्रयास किया, लेकिन बादलों के आगे जोर नहीं चला। बादल और धूप के बीच लुकाछिपी होती रही। ऐसे में हल्की धूप का भी जरा भी असर नहीं दिखा। ठिठुरन गत दिनों की तरह ही रही और बर्फीली हवा लोगों को कंपकपाती रही।
पूरा दिन यही स्थिति बनी रही और शाम को ठंड में और इजाफा हो गया। जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए। मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 05.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्द हवाओं की रफ्तार छह किमी प्रति घंटा और आर्द्रता सुबह 95 प्रतिशत और शाम को 78 प्रतिशत दर्ज की गई। दृश्यता 200 से 300 मीटर रही।