मिट्ठू बाबा ग्राउंड पर भूमाफियाओं द्वारा प्लाटिंग
करने के विरोध में शुक्रवार को बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया गया। बसपा
नेता राजेश पाठक समेत क्षेत्रीय लोगों ने ग्राउंड पर धरना प्रदर्शन करते
हुए अपना विरोध जताया। इस मौके पर सीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बिलग्राम को सौंपते हुए प्ले ग्राउंड को कब्जा मुक्त कराने
की मांग की है।
ज्ञात हो कि बीते सोमवार की सुबह भूमाफिया द्वारा इस
मैदान पर चूना डालकर प्लाटिंग शुरू की गई, जिसके विरोध में लोगों में उबाल आ
गया और सोमवार की शाम ही एक राय होकर पालिका कार्यालय का घेराव करके विरोध
प्रदर्शन किया, पर अगले दिन भूमाफिया द्वारा चूने के स्थान पर
खड़ी ईंटों को लगाकर प्लाटिंग को पक्का किया जाने लगा।
यह देखकर लोगोें में
उबाल आ गया। जमीन को खाली कराने को लेकर कसबे के लोगों ने शुक्रवार सुबह
से ही पूरी तरह बाजार को बंद कर दिया और मनोज अग्निहोत्री की अगुवाई में
जुलूस निकाल जमकर नारेबाजी की। मैदान पर राजेश पाठक के नेतृत्व में अंकित
जायसवाल, इंद्रपाल वर्मा, मयंक अग्निहोत्री आदि धरने पर बैठ गए।
इस दौरान राजेश पाठक
ने कहा कि इसके अलावा कसबे में दूसरा कोई मैदान नहीं है। इसी मैदान पर
क्षेत्रीय व राजनीतिक रैलियां होती आई हैं। इतना सब कुछ होने के बाद भी
सांसद, विधायक, चेयरमैन जनता का सहयोग करने सामने नहीं आ रहे है, पर इसके
बाद भी भूमि पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
इधर, प्रशासन व शासन को जैसे
ही मामले की जानकारी हुई तो एक सेक्शन पीएसी बल मल्लावां, माधौगंज,
बिलग्राम का पुलिस फोर्स जगह जगह तैनात कर दिया गया। कार्यवाहक सीओ चरन
सिंह, कोतवाल श्याम बहादुर सिंह, कानूनगो वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। इसके
बाद एसडीएम को एक पांच सूत्रीय ज्ञापन भी दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया
कि भूमाफिया फर्जी कागज बनाकर किरायानामा आदि करा देते हैं तथा राजनीतिज्ञ
लोग उसे परगना मजिस्ट्रेट और सर्किल अधिकारी पर अनाधिकृत दबाव बनाकर
निर्माण करा देते हैं। ज्ञापन में जनता ने मांग की कि अविलंब भूमाफिया
तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाए।
उधर, तहसीलदार बिलग्राम
रामचंद्र यादव से जब यह पूछा गया कि यह जमीन किसके नाम पर दर्ज है तो वह
बता नहीं सके और कुछ भी कहने से मना कर दिया।