हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मृत मिले लोडर चालक की मौत का कारण पोस्टर्माटम में स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। मृतक की पत्नी एक करीबी रिश्तेदार पर हत्या का शक जता रही है। वह रिश्तेदार चालक के साथ बरेली में भी रहता था।
सांडी के औलादगंज निवासी श्याम उर्फ दरोगा (25) ड्राइवरी का काम करता था। तीन दिन पहले वह शाहाबाद कोतवाली के मोहल्ला खलील निवासी मौसा रामदास के घर आया था। बुधवार शाम श्याम लोडर लेकर शाहजहांपुर गया था। गुरुवार सुबह उसकी लाश उधरनपुर गांव के संपर्क मार्ग पर पड़ी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई थी। इससे विसरा सुरक्षित किया गया था। मृतका की पत्नी सपना का कहना है कि पति की जहर खिलाकर हत्या की गई है। उसने करीबी रिश्तेदार पर शक जताया है।
उसका कहना है कि रिश्तेदार पति के साथ ही रहता था। पति किसी लड़की से बात करता था। जिसकी जानकारी रिश्तेदार को थी। करीब 15 दिन पहले पति को फोन पर देख लेने की धमकी भी मिली थी। सपना ने रिश्तेदार के खिलाफ शनिवार को पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए थे। जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया गया था। अभी मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।