नगर क्षेत्र के मोहल्ला मंडई में रविवार रात सभासद व
उनके समर्थकों और सफाई कर्मियों के बीच हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़
लिया है। सोमवार को सफाई कर्मियों ने सभासद के खिलाफ कार्रवाई की मांग को
लेकर प्रदर्शन किया। सभासद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के
बाद मामला शांत हुआ।
मोहल्ला मंडई स्थित इमाम चौक पर रविवार रात आयोजित
जलसे में साफ सफाई कराने के लिए सभासद जुल्फी व उसके समर्थक रईस व अच्छे
ने सफाई नायक अफजाल को बुलाया। इन लोगों ने सफाई कर्मियोें को लगा सफाई
करवाने को कहा। आरोप है कि सफाई कर्मी देर से पहुंचे तो सभासद भड़क गये।
उन्होंने सफाई कर्मी से गाली गलौज कर हाथापाई कर दी। साथी की पिटाई की
जानकारी पर सभी सफाई कर्मी वहां इकट्ठा हो गए और जलसे में लगाई गयी लाइटाें
को काटकर धरने पर बैठ गए। रात में ही सभी सफाई कर्मचारी नगर पालिका
कार्यालय आये और नारेबाजी कर जमकर हंगामा किया।
घटना की जानकारी मिलने पर
सीओ चरन सिंह व कोतवाल डीपी सिंह नगर पालिका पहुंचे और सफाई कर्मियों को
शांत कराने के बाद सोमवार को दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाया। सुबह
सफाई नायक व कर्मचारी एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे और नारेबाजी करके सभासद व
उसके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
इसी बीच वहां सभासद
पहुंचे तो सफाईकर्मियों ने माफी मांगने की बात कही। लेकिन वह इस पर तैयार
नहीं हुए। सीओ ने सफाई कर्मियाें से तहरीर देने की बात कही। सफाई नायक
अफजाल की तहरीर पर पुलिस ने सभासद जुल्फी, अच्छे व रईस के खिलाफ रिपोर्ट
दर्ज की।
तब जाकर सफाईकर्मी शांत हुए। उधर, सभासद का कहना है कि सफाई नायक व
कर्मचारी गलत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कोई हाथापाई और मारपीट नहीं की
बल्कि सफाई जल्दी करने को कहा था जिस पर वह भड़क गये।