बेहटा गोकुल। ग्राम जशरथपुर में रविवार शाम दोस्त के साथ तालाब से सजावट के लिए फूल निकालने गया बालक गहराई में जाकर डूब गया। ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे बाहर निकालकर सीएचसी शाहाबाद ले गए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के जशरथपुर निवासी मनोज का नौ वर्षीय पुत्र आयुष कक्षा तीन का छात्र था। मनोज के मुताबिक, गांव की पश्चिम दिशा में कुछ दूरी पर तालाब है। जिसमें इन दिनों नारगुजारी के फूल लगे हैं। रविवार की शाम आयुष गांव निवासी अपने दोस्त बौरा के साथ तालाब की ओर गया था।
आयुष तालाब में घुस कर नारगुजारी के फूल निकालने लगा। इस दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। जिससे वह डूब गया। अपने दोस्त को डूबते देख कर बौरा पास में खेल रही पारुल को बुला लाया। उसके शोर मचाने पर खेत में काम कर रहे ग्रामीण आ गए।
गांव निवासी नन्हे ने आयुष को तालाब से बाहर निकाला। जीवित होने की आस लिए परिजन उसको सीएचसी शाहाबाद ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्र का शव देखकर मृतक की मां वंदना बदहवास हो गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है।