हरदोई। कई दिनों से सुकून भरी बारिश का इंतजार कर रहे शहरवासियों को आखिरकार राहत मिल गई। सोमवार की शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी दिन में कई बार हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही और हल्की फुहारों के बाद शाम को हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। हालांकि, तेज बारिश के चलते शहर की कई सड़कों, बाजार और मोहल्लों में जलभराव हो गया, इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ी।
उमस भरी गर्मी से राहत देते हुए सोमवार की रात से मंगलवार की शाम तक मेघ जमकर बरसे। शाम को करीब डेढ़ घंटे तक जमकर बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान गिरने से चिपचिपी गर्मी से राहत मिली। मौसम वेधशाला में बीते 24 घंटे में करीब 34 मिमी बारिश होने का अनुमान दर्ज किया गया। वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान गिरकर 31.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम 22.0 डिग्री सेल्सियस तक रहा। सुबह 97 प्रतिशत और शाम 85 प्रतिशत आर्द्रता रही। उत्तर-पूर्व दिशा से चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बारिश ने धान की खेती करने वाले किसानों को काफी राहत दी है।
जलभराव ने खोली शहर सफाई व्यवस्था की पोल
सोमवार की रात हुई बारिश के बाद से ही शहर में जगह जगह जलभराव की समस्या से लोगों को दोचार होना पड़ा। सिनेमा चौराहा, रेलवेगंज, बिलग्राम चुंगी, नघेटा रोड, बड़ा चौराहा समेत कई स्थानों पर बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। कुछ मोहल्लों में नालियों का पानी भी सड़क पर आ जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई स्थानों पर वाहन चालक और राहगीर पानी के बीच से गुजरते नजर आए। दुकानदार भी जलभराव के चलते परेशान दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालों और नालियों की पर्याप्त सफाई न होने के कारण यह हालात बने हैं।
यह बोले लोग
- बारिश के बाद सड़कों पर पानी भरने से निकलना मुश्किल होता है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर आ जाता है। जिससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या होती है।
प्रेम चंद्र शुक्ला, नघेटा रोड
- जलभराव के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा रहने से कारोबार प्रभावित होता है।
रेहान, दुकानदार, सिनेमा चौराहा
- जलभराव वाले मार्गों से निकलने में सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को होती है। कई बार पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सूरज चौधरी, सिनेमा चौराहा
- स्कूल आते वक्त सड़क पर गंदा पानी भरा होने से कई बार ड्रेस गंदी हो जाती है।
माधव पांडेय