हरदोई। चिकनपॉक्स ने शहर में भी पांव पसार लिए हैं। शहर के आलू थोक मोहल्ले में करीब एक दर्जन लोग चिकन पॉक्स से से पीड़ित हैं। वहीं, शहबादपुर और कांशीराम कालोनी में स्वास्थ्य टीम ने पहुंच कर मरीजों को दवा दी। मौसम के बदलाव के साथ ही संक्रामक रोगों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। जिले में अहिरोरी ब्लाक के ग्राम शहबादपुर में 22 रोगी चिकन पॉक्स से पीड़ित मिले थे।
जहां पर स्वास्थ्य टीम ने पहुंच कर दवा बांटी। इसके अलावा देहात कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कालोनी में सात रोगी चिकन पॉक्स के मिले थे। जिस पर शनिवार को दो स्वास्थ्य टीमें कांशीराम कालोनी पहुंची और मरीजों का परीक्षण कर दवा दी। इसी तरह शहर के मोहल्ला आलू थोक निवासी पवन गुप्ता का पुत्र प्रबल गुप्ता (12), उसकी भतीजी अंशिका (15), कृष्ण गुप्ता (9) चिकन पॉक्स की चपेट में आ गए। इसके अलावा मोहल्ले के कई घरों में चिकन पॉक्स का प्रकोप फैला हुआ है। इससे लोगों में दहशत है। शहर में इसके अतिरिक्त कई मोहल्लाें में एक या दो परिवार चिकन पॉक्स से पीड़ित हैं। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि चिकन पॉक्स की जानकारी मिलने पर टीम भेजी जा रही है।