संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। परिषदीय शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नगर क्षेत्र सहित सदर तहसील के पांचों विकास खंड के 50 परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को जल्द ही स्मार्ट क्लास मिल जाएंगे। विभागीय प्रयासों को और गति देने के लिए विधायक निधि से विद्यालयों में काम कराया जाएगा। नोडल विभाग डीआरडीए ने काम कराए जाने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
परिषदीय शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के विभागीय प्रयासों को पंख लगने की उम्मीद है। सदर विधायक नितिन अग्रवाल ने विधायक निधि से विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के लिए प्रोजेक्टर, एलईडी टीवी व अन्य उपकरण प्राप्त कराए जाने के लिए राशि दिए जाने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) को इस्टीमेट व काम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्मार्ट क्लास पर करीब 25 लाख का खर्च आने का अनुमान है।
बताया गया कि विधायक के प्रस्ताव पर नगर क्षेत्र के नौ, सुरसा के छह, बावन के 20, हरियावां के आठ, टड़ियावां के पांच व अहिरोरी के दो विद्यालयों को चयनित किया गया है। नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक गजेंद्र तिवारी ने बताया कि इस्टीमेट प्राप्त होते ही पहली किस्त जारी की जाएगी।