हरदोई। बच्चों पर दुलार दिखाने के चक्कर में अभिभावक स्वयं बच्चों के दांतों को बीमारियां दे रहे हैं। टॉफी व चाकलेट खाने से सैकड़ों बैक्टिरिया दांतों पर हमला करते हैं जिनकी सफाई न हो तो परिणाम गंभीर होते हैं।
अमर उजाला एवं डाबर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को श्री डाल सिंह जूनियर हाईस्कूल में लगाए गए डेंटल कैंप में दंत चिकित्सकों ने कई बच्चों के दांतों में कीड़ा लगा पाया। डाक्टरों ने कीड़ों की समस्या का समाधान उपचार के माध्यम से कराने का परामर्श दिया और अभिभावकों को भी दंात की बीमारी को नजर अंदाज न करने की हिदायत दी।
कैंप में डा. अनुराग सिंह व डा. अनुराग गुप्ता ने स्कूल के सभी बच्चों को दांतों की नियमित सफाई करने के बारे में बताकर किया। दांतों के मॉडल के साथ उन्होंने ब्रश से कैसे सफाई करनी है इसके बारे में बताया। डा. अनुराग सिंह व डा. अनुराग गुप्ता ने कहा कि अभिभावक बच्चों की जिद पर चॉकलेट व टॉफी खाने से नहीं रोकते हैं लेकिन यह खाद्य पदार्थ दांतों पर सबसे अधिक बैक्टिरिया उत्पन्न करता है।
दांतों की सही ढंग से सफाई न की जाए तो कीड़ा लग जाता है। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक अखिलेश सिंह, मुकुल सिंह, मोहम्मद शहनवाज अंसारी, सौरभ गुप्ता, रानू सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।