पिहानी। शनिवार की दोपहर से लापता हुए बालक के कपड़े शारदा नहर के हर्रैया नहर पुल के पास पड़े पाए गए। समझा जाता है कि नहर में नहाने के दौरान वह डूब गया है। परिजन व पुलिस की उसकी तलाश कर रहे हैं। रविवार की शाम तक बालक का सुराग नहीं लगा है।
कस्बे के मोहल्ला मिश्राना निवासी दिलशाद ने बताया कि उसका दस वर्षीय पुत्र मकसाद शनिवार की दोपहर मोहल्ले के बच्चों के साथ घर से खेलने के लिए निकला था। इस दौरान ही बच्चे नहाने के लिए नहर की ओर चले गए। अन्य बच्चे घर वापस आ गए लेकिन, मकसाद घर नहीं लौटा। रात से ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई। देर रात में उसके कपड़े शारदा नहर के हर्रैया नहर पुल के पास मिले हैं। बालक के नहर में डूबने की आशंका के चलते नहर में शव की तलाश की जाती रही, लेकिन पता नहीं चला।
रविवार की सुबह कस्बा चौकी इंचार्ज रजनीश त्रिपाठी व परिजन नहर के आसपास तलाश करते रहे, लेकिन मकसाद का पता नहीं चल सका है। परिजनों में उसके डूब जाने की आशंका को लेकर परेशान हैं। (संवाद).