हरदोई। शहर में बिलग्राम-सांडी चुंगी मार्ग पर राधानगर चौकी से चंद कदम दूर रविवार सुबह बाइक सवार लुटेरों ने गल्ला व्यापारी की चेन लूट ली। धक्का लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के पास एक घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें बाइक सवारों की तस्वीर दिख रही है।
शहर के मोहल्ला रामनगरिया निवासी राजेंद्र गुप्ता गल्ला व्यापारी हैं। वह उद्योग व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष भी हैं। रविवार सुबह पांच बजे वह टहलकर बिलग्राम-सांडी चुंगी मार्ग से घर जा रहे थे। रास्ते में राधानगर पुलिस चौकी से चंद कदम दूर पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने उनकी सोने की चेन खींच ली। इसके बाद उन्हें धक्का देकर भाग गए।
सड़क पर गिरे राजेंद्र के घुटने में काफी चोटें आईं हैं। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। सूचना पर परिजन उन्हें बदहवास हालात में घर ले गए। परिजनों ने कोतवाली में घटना की सूचना दी। पुलिस ने पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में लुटेरों की तस्वीर दिखी है। आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।