हरदोई। राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रशिक्षुओं को नवीन टेक्नालॉजी से सुसज्जित और औद्योगिक इकाइयों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। टाटा टेक्नालॉजी लि. के सहयोग से प्रथम चरण में काम कराया जाएगा। काम कराने के लिए शासन ने 7.06 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। शासन ने काम कराने के लिए रुपये भी दे दिए हैं।
प्रथम चरण में टीटीएल की तरफ से हरदोई सहित प्रदेश के 45 राजकीय पॉलिटेक्निकों का चयन किया गया है। टीटीएल के सहयोग से इन पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना कराई जाएगी।
शासन के संयुक्त सचिव प्रभाकर चंद्र मिश्र की तरफ से जारी पत्र में हरदोई के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए 7.06 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। काम कराने की जिम्मेदारी आवास विकास परिषद को सौंपी गई है। काम कराने के लिए शासन ने पहली किस्त में 3.53 करोड़ रुपये भी दे दिए हैं। बताया गया कि संस्थान में पाठ्यक्रम को जोड़ते हुए औद्योगिक इकाइयों में रोजगार उपलब्ध कराने और प्रशिक्षुओं के कौशल विकास के उद्देश्य से प्रयोगशाला की स्थापना होगी।