संडीला। अतरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत भटपुर गांव के पास गोमती नदी में मिले उन्नाव के शुक्लागंज निवासी युवक के कंकालनुमा शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया गया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजे जाने का निर्णय लिया गया। दो चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया।
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के 25 ईडब्ल्यूएस निवासी अभय त्रिपाठी (26) उन्नाव के शुक्लागंज में रहकर डिजिटल मार्केंटिंग का काम करता था। 25 जुलाई को वह लापता हो गया था। पत्नी दिव्या त्रिपाठी ने दो लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट गंगाघाट थाने में दर्ज कराई थी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उन्नाव पुलिस ने शुक्रवार शाम अतरौली थाना क्षेत्र में भरावन के पास गोमती नदी से अभय का कंकालनुमा शव बरामद किया था। शव अतरौली पुलिस ने कब्जे में लिया था और पोस्टमार्टम के लिए संडीला भेजा था।
शनिवार को दो चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। संडीला सीएचसी के अधीक्षक डॉ. शरद वैश्य के मुताबिक पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
पोस्टमार्टम करने वाले पैनल में शामिल एक चिकित्सक ने नाम न छापने के अनुरोध पर बताया कि शव काफी पुराना था। नदी में पड़े रहने के कारण मछलियां शव खा गई थीं। कुछ और पानी के जंतुओं ने भी शव खाया है।
सिर के नाम पर भी सिर्फ कंकाल मिला। यही वजह रही कि मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। यह भी उल्लेखनीय है कि पुलिस से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया था कि 25 जुलाई की रात ही अभय के सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी थी और उसी रात शव गोमती नदी में फेंका गया था।