चोरी के बाद खाली पड़े जेवर के डिब्बे। संवाद
- फोटो : HARDOI
मल्लावां (हरदोई)। इटावा जनपद के सैफई थाने में तैनात उपनिरीक्षक के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बल्हेरा कमाल नगर स्थित मकान से चोरों ने नगदी और जेवर चुरा लिए। घटना का पता चलने पर दरोगा की पत्नी बेहोश हो गईं। परिजनों ने उन्हें प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मल्लावां के ग्राम बल्हेरा कमाल नगर निवासी मंगल सिंह पुत्र स्वर्गीय जगदीश प्रसाद इटावा के सैफई थाने में दरोगा हैं। उनके भाई सूरज सिंह ने बताया कि शनिवार को वह मां कमला देवी के साथ बहन रेनू के घर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर में मंगल सिंह की पत्नी रूबी यादव, मामा के पुत्र शिवप्रताप व पुत्री मीना निवासी नाइनखेड़ा थाना बांगरमऊ जनपद उन्नाव थे।
शनिवार रात चोर पड़ोसी की छत से घर में घुस गए और कमरों का ताला तोड़कर अलमारी व बक्सों में रखे जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। सूचना पर राघौपुर चौकी प्रभारी मुईन अहमद खां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। मंगल सिंह के आने के बाद चोरी गए माल की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मल्लावां कोतवाल कमलेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है।