हरपालपुर के सुभौआपुर गांव में चोरों द्वारा दीवार में लगाई गई नकब। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुभौआपुर में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर लाखों की नगदी और जेवर चुरा लिए। शनिवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुभौआपुर निवासी अवधेश पाल ने बताया कि वह खेती करता है। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ छत पर था। देर रात चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगा दी। चोर कमरों के ताले तोड़कर नगदी-जेवर से भरा बक्सा उठा ले गए। सुबह परिजन नीचे पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी नीरज 25 दिन से मायके में थी।
चोर उसकी बेटी का तीन तोले का एक हार, झाले, मांग बेंदी, दो जोड़ी पायल, सोने की दो अंगूठी और बिछुआ चुरा ले गए। अगले माह पुत्र पंकज की शादी है। बेटे की शादी के लिए रखी सोने की चेन, गुलशन पट्टी, सोने की तीन अंगूठी, कुंडल, एक जोड़ी झाले व ढाई लाख रुपये चोरी गए हैं। पीड़ित ने थाने पहुंचकर चोरी की तहरीर दी। तलाशी के दौरान पुलिस को खेत में खाली बक्सा व कपड़े मिले हैैं। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि चोरों की तलाश की जा रही है।