सांडी। थाना क्षेत्र के परसापुर निवासी विवाहिता ने पति समेत छह ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव निवासी खुशबू ने बताया कि उनकी शादी पांच मई 2025 को कछौना कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानपुर निवासी प्रिंस मिश्रा के साथ हुई थी। बताया कि शादी के दिन कलेवा के दौरान ही पति प्रिंस, ससुर अजय, ननद महिमा, देवर अभय और मयंक व सास सोने की चेन और अंगूठी के लिए झगड़ा करने लगे थे। रिश्तेदारों के काफी समझाने पर उनकी विदाई हुई थी। इसके बाद ससुराल में सोने की चेन और अंगूठी के लिए उन्हें प्रताड़ित और परेशान किया गया। आरोप है कि दो जून 2025 की रात ससुरालीजनों ने उन्हें पीटकर कपड़े और जेवर छीनने के बाद घर से निकाल दिया। जानकारी पर भाई शिवम मौके पर आया और उन्हें मायके ले गया। ससुराल में आने पर शिवम की भी पिटाई किए जाने का आरोप खुशबू ने लगाया है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। (संवाद)