हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के नंदना मजरा कुलिया में युवक ने रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उनका शव गांव के बाहर बाग में यूकेलिप्टस के पेड़ पर सोमवार सुबह रस्सी के फंदे से लटकता मिला।
गांव निवासी प्रदीप (22) बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद ज्यादातर घर पर ही रहता था। बीच बीच में रोजगार के लिए गाजियाबाद और पंजाब भी चला जाता था। रविवार रात लगभग दस बजे वह खाना खाकर सोने चला गया था। इसके बाद किसी समय वह घर से निकल गया। सोमवार सुबह वह घर में नहीं मिला, तो परिजनों ने तलाश शुरू की।
इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने प्रदीप का शव गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटकता देखा। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि घटना की कोई वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप भी फिलहाल नहीं लगाए हैं। (संवाद)