पिहानी। पति-पत्नी के बीच हुई अनबन के बाद अलग-अलग रहने के लिए हुई सुलह से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदी निवासी बलवीर सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें कहा है कि 10 दिसंबर 2022 को उसने अपनी पुत्री हरप्रीत कौर का विवाह पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम नेवदिया मजरा इटारा निवासी जगप्रीत के साथ की थी।
कुछ दिनों में दोनों के बीच अनबन हो गई। इस पर दोनों पक्षों के बीच अलग-अलग रहने पर सुलह हो गई। विपक्षी जगप्रीत, हरप्रीत व इनके नातेदारों एवं मित्रों ने विवाहिता से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। इसके बाद से उनकी बेटी मानसिक तनाव में है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।