हरदोई। दिल्ली में युवक के रिश्तेदार ने पुत्री से बातचीत करने का आरोप लगाते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसी के चलते युवक ने दिल्ली में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अदालत के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सुरसा थाने के भीठा निवासी सुलखान वर्मा ने एसीजेएम की अदालत में दी अर्जी में कहा था कि उसका पुत्र प्रिंस वर्मा (25) काम-धंधे की तलाश में दिल्ली आता-जाता रहता था। सुरसा थाने के दुलारपुर निवासी रिश्तेदार गाजियाबाद के बेहरामपुर थाना रिपब्लिक क्रासिंग में किराये के मकान में रहते हैं। इस वजह से बेटा प्रिंस उन्हीं के यहां रुक जाता था। वहीं, रिश्तेदार की पुत्री भी रहती थी। रिश्तेदार ने प्रिंस पर आरोप लगाया कि वह बेटी से चोरी-छिपे बातचीत करता है। उसी आरोप के चलते रिश्तेदार ने प्रिंस को बुरा-भला कह कर उसे अपने घर से भगा दिया। इसके बाद प्रिंस बेहरामपुर में ही शैलेंद्र के मकान में किराये पर रहने लगा। जहां इसी साल तीन जनवरी को उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुलखान वर्मा का कहना है कि रिश्तेदार व उसके परिवार के लोगों की प्रताड़ना से तंग आकर बेटे ने आत्महत्या कर ली। अदालत के आदेश पर पुलिस ने रिश्तेदार, उसकी पत्नी, बेटे व बेटी के अलावा एक अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। इसकी जांच एसआई धीरेंद्र कुमार यादव को सौंपी गई है।