शादी में शामिल होकर लौट रही बारातियों से भरी कार हरदोई-पिहानी मार्ग पर हरियावां के निकट खड़ी ट्रैैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक पारिवारिक रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला सुल्हाड़ा निवासी शिवकुमार पुत्र गया प्रसाद की बारात गुरुवार शाम पिहानी कस्बे के मोहल्ला मिश्राना गई थी। बारात में शामिल होने के लिए शिवकुमार के ममेरे भाई मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरवा पुरवावां निवासी अरुण कुमार सिंह (30) पुत्र देवी गुलाम पारिवारिक रिश्ते के भतीजे शिवा (22) पुत्र रामरतन निवासी परमी ऐजा फुलई कोतवाली मल्लावां, शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रद्धेपुरवा निवासी प्रशांत (24) पुत्र सुदामा के साथ उनकी कार से गए थे। कार में प्रशांत का छोटा भाई अंशुल (22) और रद्धेपुरवा निवासी वीरु उर्फ हजेंद्र (20) पुत्र अजय भी सवार थे। देर रात कार से पांचों युवक वापस हरदोई आ रहे थे। हरदोई-पिहानी मार्ग पर हरियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त के निकट सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से कार टकरा गई। पांचों युवक कार में फंस गए। पुलिस ने पांचों को निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा। यहां अरुण कुमार और शिवा को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि प्रशांत, उसके भाई अंशुल और वीरू को लखनऊ रेफर कर दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि शिवा के पिता रामरतन और अरुण कुमार सगे मौसेरे भाई हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली और कार को कब्जे में लेकर हरियावां थाने में खड़ा करा लिया है।
मकर संक्रांति पर घर आया था शिवा
शिवा उर्फ सत्यवीर लुधियाना में प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था। मकर संक्रांति पर वह अपने गांव परमी ऐजा फुलई आया था। रिश्तेदारी में शादी होने के कारण वह रुक गया था। गुरुवार रात हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। उसकी शादी दस माह पूर्व ही हुई थी। परिवार में पत्नी दिव्या है। उधर दूसरी ओर अरुण कुमार प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक था। परिवार में पुत्र शिवांश और पत्नी आरती हैं।