संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डीएम चौराहा के पास तेज रफ्तार कार ने दो स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला।
शहर के मोहल्ला आजादनगर निवासी रक्षपाल सिंह (72) सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। गुरुवार सुबह वह बस से फर्रुखाबाद से आकर रोडवेज बस अड्डा पर उतरे थे। उनकी बेटी अनीशा (25) उन्हें लेने के लिए स्कूटी से गई थी। दोनों स्कूटी से घर जा रहे थे। वहीं आजाद नगर निवासी देवेंद्र मोहन सिंह (45) अपनी बड़ी बेटी ज्योती को स्कूल छोड़ने के बाद छोटी बेटी काव्या (3) के साथ स्कूटी से घर जा रहे थे।
शहर में डीएम चौराहा के पास तेज रफ्तार कार ने दोनों स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना में दोनों स्कूटी पर सवार चारों लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया चारों लोगों की हालत खतरे से बाहर है। जिला अस्पताल में चारों का इलाज हुआ है। तहरीर लेकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।