हरपालपुर। कैंसर पीड़ित युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव झोपड़ी में गमछे के फंदे से लटकता मिला। घटना हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सुरजूपुर गांव की है।
सुरजूपुर निवासी जगदीश सक्सेना (38) मजदूरी करते थे। चाचा लज्जाराम ने बताया कि जगदीश कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। पिछले कई वर्ष से उनका इलाज चल रहा था। इलाज में कई लाख रुपये खर्च होने के बाद भी जगदीश पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पा रहे थे। इस कारण वह परेशान थे। बृहस्पतिवार सुबह जगदीश ने गांव के बाहर स्थित अपनी झोपड़ी में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवार में पत्नी राजवती, एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। कोतवाल वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि मामला खुदकुशी का है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक को कैंसर था। इससे परेशान होकर खुदकुशी की है।