हरदोई। कैंसर, एचआईवी ग्रसित, अंग प्रत्यारोपण कराने वाले गंभीर रोगी होम आइसोलेशन के पात्र नहीं होंगे। बुधवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में कोरोना संक्रमण को लेकर होम आइसोलेशन के संबंध में हुई बैठक में डीएम पुलकित खरे ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन में लक्षण रहित रोगी ही भेजे जा सकते हैं। घर में आइसोलेट करने और अन्य परिजनों को क्वारंटीन करने की सुविधा व दो शौचालय होने चाहिए। ऐसे लोग जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हैं, वह होम आइसोलेशन के पात्र नहीं होंगे। 24 घंटे रोगी की देखरेख करने के लिए एक व्यक्ति होगा और संपूर्ण आइसोलेशन अवधि के दौरान देखभाल करने वाले व्यक्ति और संबंधित चिकित्सालय के मध्य संपर्क बनाए रखना इसमें अनिवार्य है। बैठक में निगरानी समितियों के बारे में भी चर्चा की गई। एसपी अमित कुमार, सीडीओ निधि गुप्ता वत्स, प्रभारी सीएमओ स्वामी दयाल, सीएमएस एके शाक्य, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।