गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को स्वास्थ्य
विभाग द्वारा जिले के तीन गांवों में उपकेंद्र शुरू करने का फैसला हुआ है।
उपकेंद्र के निर्माण को शासन से धनराशि भी मिल गई, पर अब जमीन नहीं मिल रही
है। एक्सईएन आरईएस ने जमीन मुहैया कराने को सीएमओ को पत्र दिया है।
सीएमओ
के अनुरोध पर अब सीडीओ ने एसडीएम को जमीन मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। जिले
के ग्रामीण इलाकों में अभी भी स्वास्थ्य सेवाओं का अकाल है, जिसकी कमी
पूरी करने को गांवों में भी स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने पर विचार हुआ है।
उपकेंद्र खोलने को शासन से मंजूरी मिल गई और चिकित्सा विभाग को उपकेंद्र के
निर्माण के लिए धनराशि भी स्वीकृति हो गई।
उपकेंद्र के निर्माण को
प्रस्ताव पास होने के बाद निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को
दी गई। आरईएस द्वारा निर्माण शुरू कराना है, पर अब जमीन न होने की समस्या आ
रही है। जिले के तीन तहसील क्षेत्र के गांव में उपकेंद्र के निर्माण को
जमीन नहीं मिल रही है।
सदर तहसील के टड़ियावां के गांव बरगवां, बेहंदर
ब्लाक का पिलखनी और मल्लावां ब्लाक के हजरतपुर गांव में जमीन न होने पर
एक्सईएन आरईएस ने सीएमओ को पत्र भेजकर भूमि मुहैया कराने को कहा है। उधर,
एक्सईइन के पत्र के बाद सीएमओ ने भी सीडीओ से स्थान मुहैया कराने का अनुरोध
किया है। इस पर सीडीओ विजय गुप्ता ने तीनों तहसीलों के संबंधित एसडीएम को
पत्र भेजकर जमीन प्राथमिकता से मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।