हरदोई। डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती से राष्ट्रीय पंचायत दिवस तक चलने वाला ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की प्रगति को जांचने के लिए शासन से भी अधिकारी आएंगे। सचिव का जिले में आकर अभियान की प्रगति का सत्यापन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि अभी भी तिथि निर्धारित नहीं हुई है।
ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाली जनता को जागरूक करने और उन्हें सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में अवगत कराने के लिए ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की शुरूआत 14 अप्रैल को हुई है। 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस तक अभियान चलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बैठक व गोष्ठी कर योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
जनपद में अभियान की शुरूआत कर जिला स्तरीय कमेटी को निगरानी के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी अधिकारियों संग बैठक कर अभियान को गति देने के लिए कहा है। अब अभियान के सत्यापन की जांच के लिए सचिव एके जैन भी आने वाले हैं। प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप यादव ने बताया कि सचिव के आने की तिथि जल्द आ सकती है।