पिहानी। नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ रविवार को नगर के बाजार इस्लामगंज मैदान पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद व आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के बैनर तले पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विधेयक को वापस लेने की मांग कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम अतुल प्रकाश श्रीवास्तव और सीओ नागेश मिश्रा को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान जमीयत उलेमा-ए-हिंद व एआईएमआईएम के शादाब अली, इशरत अली, मुफ्ती एहसान, हाफिज अताउर्रहमान व जुबैर खां समेत मौलाना मोहसिनुद्दीन कासमी ने कहा कि ये कानून भारत के संविधान की मूल संरचना के खिलाफ है। बिल के माध्यम से एक समुदाय विशेष के साथ धर्म को लेकर भेदभाव किया गया है।
उन्होंने इसे काला कानून बताया। प्रदर्शनकारियों ने नारे लिखी तख्तियां लहराकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कोतवाल सूर्य प्रकाश शुक्ला फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।