हरदोई। जुकाम और बुखार की शिकायत पर दवा लेने जिला अस्पताल पहुंचे दिल्ली से आए कैब चालक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया। चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं। युवक का थ्रोट और नेजल स्वैब जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कालेज भेजा गया है। रिपोर्ट आने तक युवक को आइसोलेशन वार्ड में ही रखा जाएगा।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिहानी मार्ग स्थित एक इलाके का रहने वाला 26 वर्षीय युवक दिल्ली में कैब चलाता है। कुछ दिन पहले ही दिल्ली से युवक घर लौटा था। सोमवार शाम उसे खांसी, जुकाम के साथ बुखार आया तो वह मंगलवार सुबह जिला अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में दवा लेने पहुंचा। यहां डा. पंकज मिश्रा ने युवक से बीमारी के बारे में जानकारी ली।
डा. पंकज ने बताया कि युवक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। सैंपल लखनऊ मेडिकल कालेज भेजा गया है। इससे पहले तीन देशों की यात्रा कर लौटे शाहाबाद निवासी युवक को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस निगेटिव मिलने पर उसे छुट्टी दे दी गई थी।