फोटो - 29 एनएचएआई के बाईपास की भूमि को कब्जा में लेने के साथ काम शुरू कराने के लिए पूजा-अर्चना करते एसपीएम सी श्रीवास्तव, एनएचएआई प्रतिनिधि अरुण तिवारी व अन्य। संवाद
- एनएचएआई और निर्माण एजेंसी आरसीएल के अधिकारियों ने किया भूमि-शिला पूजन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। नेशनल हाईवे अथार्टी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के बाईपास की भूमि को कब्जे में लेते हुए निर्माण एजेंसी ने बुद्ध पूर्णिमा पर शुक्रवार काम का शुभारंभ कर दिया।
शुक्रवार को एनएचएआई के प्रतिनिधि अरुण तिवारी, निर्माण एजेंसी राज कारपोरेट लिमिटेड (आरसीएल) के एसपीएम सी श्रीवास्तव ने विधि-विधान से कोर्रिया में बाईपास के लिए भूमि को कब्जे में लिया। यहां पर उन्होंने बाईपास निर्माण के काम का पूजन किया। नारियल फोड़कर और भूमि व शिला (ईंट) पूजन से श्रीगणेश किया। एनएचएआई और आरसीएल के अधिकारियों ने बताया कि कोर्रिया से लखनऊ रोड पर खेतुई-लालपालपुर के मध्य तक 15 किलोमीटर लंबाई में बाईपास का निर्माण स्वीकृत है।
इसके लिए भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है और इसके कब्जे में भी ले लिया गया है। बाईपास की चौड़ाई 45 मीटर होगी। यह बाईपास सवायजपुर मार्ग, सांडी मार्ग, बिलग्राम मार्ग को जोड़ते हुए लखनऊ मार्ग से जुड़ेगा।
इनसेट
बाईपास बनने से शहर को मिलेगी जाम और बड़े वाहनों से निजात
शाहजहांपुर-लखनऊ मार्ग तक के लिए बाईपास के बन जाने से शहर को जाम और बड़े वाहनों से छुटकारा मिल जाएगा। अभी तक बड़े वाहन शहर के अंदर से होकर गुजरते हैं और कई बार तो जाम व हादसा का कारण भी बन जाते हैं।