हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में बाबा मंदिर के निकट बहन के घर जा रही महिला का पर्स छीनकर बाइक सवार फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन सुराग नहीं लगा।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी सीता सिंह पत्नी जितेंद्र ठाकुर का मायका शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णनगरिया में है। सीता की बड़ी बहन गीता सिंह बावन चुंगी पर रहती हैं। 29 अक्टूबर को गीता की पुत्री की गोदभराई थी। इसमें शामिल होने के लिए सीता भी आई थीं। शनिवार रात सीता बहन गीता के साथ कृष्णनगरिया स्थति मां के मकान से बावन चुंगी जा रही थीं।
रास्ते में पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। सीता के मुताबिक पर्स में 15 हजार रुपये, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड था। घटना की सूचना पर सदर चौकी प्रभारी अजीम खां मौके पर पहुंच गए और सीता से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकलवाए गए, इसमें पर्स छीनते हुए बाइक सवार दिख रहें हैं, लेकिन चेहरे नजर नहीं आए। शहर कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।