हरदोई। लखनऊ रोड पर शुक्रवार शाम मन्नापुरवा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
शहर के मोहल्ला गायत्री नगर निवासी सुमित (16) पुत्र अशोक शुक्रवार शाम अपने दोस्त रेलवेगंज निवासी कपिल (17) पुत्र लालाराम व आदित्य (16) पुत्र मटोले के साथ घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकला था। तीनों बाइक से घूमते हुए लखनऊ रोड पर पहुंच गए। रास्ते में मन्नापुरवा गांव के पास उनकी बाइक में पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में हेलमेट न लगाए होने के कारण सुमित, कपिल व आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया।
राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सुमित की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में सुमित की मौत की खबर पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। पिता अशोक ने बताया कि सुमित इकलौता बेटा था, उसकी एक बहन भी है। वह कक्षा 12 का छात्र था। वह लखनऊ रोड पर कैसे पहुंचा, परिजनों को इसकी जानकारी नहीं है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है। मृृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।