बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में जरौली-नेवादा मार्ग पर सोमवार देर रात मैदानपुरा के पास मवेशी को बचाने में अनियंत्रित बाइक नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से सभी के सिर में चोट आई थी।
बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी राजकुमार उर्फ प्रिंस (27) पुत्र देशराज सोमवार को बाइक से बहन के यहां सड़ियापुर गांव गया था। जहां से देर रात बाइक से घर आ रहा था। साथ में उसका भांजा वेदप्रकाश (24) पुत्र श्रीकृष्ण और उसका साथी साहिबलाल (26) पुत्र रामशंकर भी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रास्ते में बिलग्राम-जरौली-नेवादा मार्ग पर मैदानपुरा के पास मवेशी आने से बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें राजकुमार व वेदप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। वहीं साहिबलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान पास में मिले मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। मंगलवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया।
जल्दबाजी में खो दी अनमोल जिंदगी
हरदोई। घर आने की जल्दबाजी हादसे का सबब बन गई। जिससे मामा-भांजे की जिदंगी छिन गई। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी राजकुमार दो भाइयों में छोटा था। उसके परिवार में पत्नी रेनू और एक पुत्री है। वह बाइक मैकेनिक था। वहीं वेदप्रकाश दो भाइयों मेें छोटा था। उसके परिवार में पत्नी पूजा है। पूजा ने बताया कि वह बिलग्राम में चल रहे मेला देखने की बात कहकर मामा के साथ गए थे। परिजन मेला देखने की जल्दबाजी में बाइक चलाने से हादसा होने की बात कह रहे हैं। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद